खाना बनाने के दौरान लगी आग, छह घर जलकर राख

समस्तीपुर। प्रखंड के पगड़ा पंचायत में बुधवार की सुबह खाना बनाने के दौरान लगी आग से छह घर जलकर राख हो गया। देखते की देखते छह घरों की लाखों की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। हालांकि स्थानीय ग्रामीणों और दमकल की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।


जानकारी के अनुसार पगड़ा गांव के वार्ड-7 निवासी गंगा प्रसाद महतो के घर में खाना बनाने के दौरान घर में रखी पुआल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पास के उपेंद्र महतो, सुरेंद्र महतो, सूर्यनारायण सूरज, राजकुमार महतो तथा अजीत कुमार महतो के घर को भी अपने आगोश में ले लिया।
इस घटना में गंगा प्रसाद महतो सहित अन्य पीड़ितों के घर के लाखों रुपये का सामान, कपड़ा, आनाज, लकड़ी का सामान सहित मवेशी चारा जलकर राख हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना की सूचना पर अंचलाधिकारी अजय कुमार पीड़ित परिवार वालों को आवश्यक सरकारी मदद मुहैया कराने में जुट गये हैं।
