बिना जरूरी बदला जा रहा टाइल्स

समस्तीपुर। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में बिना जरूरी ही टाइल्स बदला जा रहा है। पूर्व में दीवार में लगे अच्छे टाइल्स को ही तोड़ा जा रहा है। इससे सरकारी पैसे का दुरुपयोग हो रहा है। टाइल्स बहुत अच्छी स्थिति में था। पांच रोज पूर्व इमरजेंसी वार्ड के ही जमीन पर लगे मार्बल को भी तोड़कर उसपर टाइल्स लगाया गया है। जबकि यह मार्बल भी काफी बेहतर था इसे बदलने की कोई जरूरत नहीं थी। टाइल्स लगाने के बाद इमरजेंसी को चालू कर दिया था लेकिन दो दिन बाद फिर इमरजेंसी को खाली कराकर दिवाल के टाइल्स को तोड़ने का काम शुरू कर दिया है। लोगों में इस बात की चर्चा हो रही है कि अकारण ही सरकारी पैसे का दुरूपयोग किया जा रहा है। लोग इसे मार्च लूट भी कह रहे हैं। कारण जो भी लेकिन इस अच्छे मार्बल और टाइल्स को तोड़ने की कोई जरूरत नहीं है। लोगों का कहना है इलाज में नाम पर यहां सिर्फ रोगियों को रेफर करने का काम किया जाता है। इस पैसे का उपयोग अस्पताल की किसी अन्य व्यवस्था को बेहतर बनाने में लगाया जा सकता था। इसको लेकर कुछ डॉक्टरों में भी आक्रोश व्याप्त है। डॉक्टरों का कहना है इस खर्च का कोई औचित्य नहीं है। यह सिर्फ पैसे की बर्बादी है। इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
