
अहमदाबाद: BJP नेता और केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने गुरुवार को दावा किया है कि महात्मा गांधी की हत्या से कांग्रेस को फायदा हुआ है। उमा ने कहा कि ऐसा इसलिए है, क्योंकि महात्मा गांधी ने आजादी के बाद पार्टी को भंग करने की बात कही थी।
उत्तर गुजरात के बनासकांठा जिले में BJP की गुजरात गौरव यात्रा के दौरान उमा भारती ने महात्मा गांधी की हत्या की फिर से जांच कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई याचिका पर हाल ही में अदालत की टिप्पणी के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में ये बात कही। उमा ने पूछा, ‘गोडसे द्वारा गांधी जी की हत्या के बाद से ही यह मामला चल रहा है। आज मैं देश से पूछती हूं कि गांधी जी की हत्या से किसे फायदा मिला?
यह विषय आज भी विचार का विषय है कि गांधी जी की हत्या का फायदा किसको हुआ और किसको नुकसान ?? : उमा भारती /2#GouravYatra @BJP4India pic.twitter.com/sbtji2igpS
— Uma Bharti (@umasribharti) October 12, 2017


उमा ने कहा कि जहां संघ और जनसंघ को नुकसान हुआ और देश को क्षति हुई, वहीं गांधी जी की हत्या से केवल कांग्रेस को फायदा मिला। मंत्री ने दावा किया कि गांधी जी ने सुझाव दिए थे कि कांग्रेस को भंग कर दिया जाए (स्वतंत्रता के बाद)। वास्तव में वह घोषणा कर चुके थे कि कांग्रेस को भंग किया जाएगा।
आपको बता दें कि महात्मा गांधी की 30 जनवरी 1948 को दिल्ली में नाथूराम गोडसे ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह हिंदू राष्ट्रवाद का पक्षधर था। मुंबई के पंकज फडणीस ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करते हुए कई आधार पर इस हत्याकांड की जांच फिर से कराए जाने की मांग की है। उन्होंने दावा किया है कि यह इतिहास के सबसे बड़े लीपापोती में शामिल है।
फडणीस शोधकर्ता हैं और वह अभिनव भारत के न्यासी भी हैं। उमा उन मंत्रियों में शामिल हैं जो BJP की यात्रा में हिस्सा ले रही हैं, जिसका उद्देश्य गुजरात विधानसभा चुनावों से पहले सत्तारुढ़ दल के समर्थन में लोगों को एकजुट करना है। यात्रा के दौरान उन्होंने देवदार, थरड़, वाव और राधानपुर विधानसभा क्षेत्रों में आम सभा को संबोधित किया।
