यूपी निकाय चुनाव के बाद अपनी नई टीम बनाएंगे महेंद्र नाथ पांडेय

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय अपनी नई टीम निकाय चुनाव संपन्न हो जाने के बाद करेंगे। इस संबंध में उन्होंने कहा कि राज्य के आगामी स्थानीय निकाय चुनाव से पहले प्रदेश संगठन में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।


पाण्डेय ने कहा कि संगठन में जहां कोई कमी होगी उसकी भरपाई की जायेगी। अन्यथा उस संगठन से छेड़छाड़ करने की कोई आवश्यकता नहीं है जिसने विधानसभा की 325 सीट जीत कर दी हैं। मालूम हो कि प्रदेश में स्थानीय निकाय चुनाव नवम्बर में सम्भावित हैं। पाण्डेय अभी हाल ही में उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य के स्थान पर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बनाये गये हैं। माना जा रहा था कि वह जल्द ही प्रदेश संगठन में बदलाव कर सकते हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केन्द्र में नरेन्द्र मोदी और प्रदेश में योगी आदित्यनाथ कर्म पुरूष है। भाजपा लोकतांत्रिक पार्टी है और सरकार सभी वर्गों के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार तथा राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है। संगठन को आगे बढ़ाना चुनौती पूर्ण काम है जो कार्यकर्ता के बदौलत पूरी होगा क्योंकि संगठन ही पूंजी है।
