
समस्तीपुर। थाना क्षेत्र के रोसड़ा- दलसिंहसराई पथ स्थित धनिक चौक के समीप तेज रफ्तार से आ रहे वाहन के धक्के से एक मजदूर की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ रोसड़ा-दलसिंहसराई पथ को धनिक चौक के निकट जाम कर दिया और वाहन की पहचान करने, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने आदि की मांग करने लगे। मृतक की पहचान विशनपुर निवासी धनिक पासवान के 55 वर्षीय पुत्र जोखन पासवान के रूप में की गई है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि जोखन पासवान मजदूरी करता था और एक किसान के खेत में धान काटने के लिए जा रहा था।


इसी क्रम में एक अनियंत्रित गति से आ रहे वाहन ने उसे धक्का मार दिया। जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मौके पर थानाध्यक्ष संजीत कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। फिर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अन्त्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मुखिया अर्चना कुमारी, पूर्व मुखिया सकलदेव राय, अरविन्द कुमार दास, शशि भूषण दास आदि लोग पीड़ित परिवार को लगातार ढांढस बंधा रहे थे। मृतक जोखन पासवान की पत्नी मंजू देवी, पुत्र दीपक कुमार, पुत्री रूबी कुमारी सहित परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि वह अपने परिवार का एक मात्र कमाऊ व्यक्ति था।
