
भागलपुर। जिले के नवगछिया में हैवानियत का ऐसा मामला सामने आया है। जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। दंबंगों ने मामूली विवाद में घर के बाहर सोये दादा और पोते को कैरोसीन का तेल छिड़ककर जिंदा जला दिया। इस संबंध में पुलिस को जानकारी दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन में लग गई है।


प्राप्त सूचना के अनुसार नवगछिया के के खरीक में देर रात चंद्रदेव सिंह (55) और उनका पोता संजीव कुमार (4 वर्ष) घर के बाहर सोए हुए थे। इस दौरान कुछ दबंगों ने कैरोसीन का तेल छिड़कर आग लगा दी। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान पोते संजीव कुमार सिंह की मौत हो गई है।
घटना के संबंध में मृतक बच्चे के पिता अमृत सिंह ने पुलिस को अपना बयान दिया है। जिसमें बताया गया है कि कुछ दिन पहले उनकी मां बिंदु देवी पर गांव के लोगों ने डायन का आरोप लगाते हुए उन्हें परिवार समेत जिंदा जलाने की धमकी दी थी। इस मामले में गांव के ही गणेश सिंह, उषा देवी और माहिल सिंह पर आरोप लगाया गया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि इसा धमकी के बाद आरोपितों ने उक्त घटना को अंजाम दिया है। वहीं घटना के बाद सभी आऱोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
