
पटना। बिहार के मुफस्सिल थाने के दुर्गापुर गांव के पास मंगलवार की रात करीब 8:30 बजे सोन उच्चस्तरीय नहर के किनारे अपराधियों के दो गुटों में जम कर गोलीबारी हुई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गयी। मरने वालों में रणवीर सेना के पूर्व एरिया कमांडर धनजी सिंह भी शामिल बताया जाता है। पुलिस ने तीनों शवों को बरामद कर लिया है। हत्या के सटीक कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार, धनजी सिंह रात को अपने आठ से 10 लोगों के साथ अपनी स्कॉर्पियो पर सवार होकर शाहपुर गांव से अमरातलाब की ओर जा रहे थे कि तभी दुर्गापुर गांव की सोन उच्चस्तरीय नहर के पास एक अन्य अपराधिक गिरोह के लोगों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान दोनों ओर से गोली चली। इस घटना में धनजी सिंह सहित भोजपुर के रहने वाले मंटू सिंह और नोखा क्षेत्र के निवासी शशिकांत तिवारी उर्फ शशि बाबा की मौत हो गई।
