
समस्तीपुर। ठंड ने दस्तक देना शुरू कर दिया है। अब लोगों ने गुलाबी ठंड का अहसास भी करना शुरू कर दिया है। तापमान में लगातार गिरावट शुरू हो जाने से मौसम बदलने लगा है। आने वाले दिनों में मौसम में तेजी से परिवर्तन के आसार हैं। इस बीच ठंडी पछुआ हवा चलने से भी मौसम का मिजाज बदला है। इससे अब अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास रह रहा है। राजेंद्र प्रसाद विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए सत्तार के अनुसार दिन के तापमान में एक डिग्री और रात के तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है। मौसम साफ और शुष्क रहेगा। जबकि लोगों को ठंड का एहसास होगा।


जरा सी सावधानी नहीं बरती तो आपकी तबीयत खराब हो सकती है। क्योंकि मौसम में आए बदलाव से लोग बीमार पड़ रहे हैं। गुलाबी ठंड के साथ ही विभिन्न मौसमी बीमारियां का प्रकोप बढ़ गया है। अलबत्ता शुरूआती ठंड के दस्तक से ही काफी लोगों में सर्दी-खांसी का गहरा असर पड़ गया है। ठंड आने के साथ ही कई बीमारियों को साथ ले आती है। लोगों को ऐसे मौसमी बीमारियों से काफी सावधान रहने की जरूरत है। नहीं तो यह जानलेवा भी साबित हो सकती है। खासकर बच्चों व बुजुर्ग की सेहत में अभी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। अधिक उम्र के लोगों में हर्ट अटैक व श्वास संबंधित बीमारी बढ़ जाती है। जबकि रक्तचाप वाले मरीजों में लकवा के अटैक का खतरा बढ़ जाता है। वहीं मासूमों में निमोनिया सहित कई जानलेवा बीमारी पनप जाती है। ऐसे हालत से निपटने के लिए खास सावधानी की जरूरत है।
