
नई दिल्ली। दिल्ली में एक धर्मगुरु पर अपनी ही शिष्या ने छेड़खानी का केस दर्ज कराया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना सब्जी मंडी इलाके में महंत सुंदरदास के आश्रम की है।
पीड़ित महिला ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया है कि वह अपनी मां के साथ महंत के आश्रम में सत्संग के लिए आया करती थी। 70 वर्षीय महंत सुदंरदास ने ही पीड़िता की दूसरी शादी अपने एक भक्त से करवाई थी। पीड़िता और उसका पति महंत के सत्संग के लिए आश्रम आते थे और वहीं रह भी जाते थे।
शिकायत में कहा गया है कि 2014 में महंत जब आश्रम में थे, उस दौरान वह पीड़िता को अपने कमरे में बुलाता था और उसके साथ अश्लील हरकतें किया करता था। पीड़िता के मुताबिक उसकी सास और देवरानी भी जबरन उसे महंत के कमरे में भेजा करते थे।
पीड़िता ने इस बात की शिकायत अपने पति से की। जब दोनों ने महंत की इन हरकतों का विरोध किया तो उन्हें डराया धमकाया गया, जिसके बाद उन्होंने आश्रम में जाना छोड़ दिया।


2 अक्टूबर 2017 को महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने छेड़खानी का केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। मंहत सुंदरदास का जोधपुर में भी एक आश्रम है।
पुलिस अधिकारी का कहना है कि मामला विवादित है, इसलिए अभी महंत को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक महंत का राजस्थान में जोधपुर से 50 किलोमीटर आगे बिराई में रामधाम नाम से बड़ा आश्रम है, जहां सैकड़ों लोग रहते हैं।
दिल्ली में सब्जीमंडी इलाके की केदारनाथ बिल्डिंग में भी 2000 गज में महंत का तीन मंजिल का आश्रम है। यहां भी सैकड़ों लोग रहते हैं। उनका दिल्ली आना-जाना लगा रहता है।
पीड़ित महिला का पूरा परिवार महंत का भक्त है। वे लोग पहले आश्रम में ही रहते थे। महिला पहले केदारनाथ बिल्डिंग स्थित आश्रम में केयर टेकर थी।
