कुलपति को मिला भारत विकास पुरस्कार

समस्तीपुर। डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के कुलपति डॉ. आर सी श्रीवास्तव को एक साथ दोहरी उपलब्धि मिली है। एक तरफ उन्हें भारत विकास पुरस्कार से सम्मानित किया गया है वहीं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली के गवर्निंग सदस्य के रूप में भी चयनित किया गया है।


केन्द्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह के द्वारा केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के कुलपति को आईसीआरए गवर्निंग बॉडी का सदस्य बनाया गया है। वे अगले तीन वर्षों तक इस पद पर बने रहेंगे। उक्त बात की जानकारी पत्र के माध्यम से विश्वविद्यालय में आईसीएआर के सचिव छविलेद राहुल ने दी है।
इधर कुलपति को इंस्टीट्यूट ऑफ सेल्फ रिलायंस भुवनेश्वर के द्वारा जल प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए सराहनीय कार्य को लेकर एवं राष्ट्रीय स्तर पर जल प्रबंधन से जुड़े कई योजनाओं में दिये गए योगदान पर भारत विकास पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इससे पूर्व भी कुलपति को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कार मिल चुके हैं। कुलपति के पुरस्कार मिलने की खबर मिलते ही विश्वविद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी वैज्ञानिकों कर्मचारियों ने कहा कि कुलपति के द्वारा अच्छे कार्य किए जाने का यह परिणाम है।
