भारत ने दिखाया बड़ा दिल, पाकिस्तान के 9 मछुआरे व 4 नागरिक रिहा होकर पहुंचे अपने मुल्क

नई दिल्ली : आतंक के मुद्दे पर भले ही भारत और पाक के बीच कई सालों से ठनी हुई है, लेकिन जहां तक इंसानियत का सवाल आता है तो भारत इसमें सबसे आगे रहता है। खुद विदेश मंत्री सुषमा स्वराज अब तक कई पाकिस्तानी मरीजों को ईलाज के लिए भारत का वीजा दिलवाती रही हैं।


इसी कड़ी में गुरुवार को भारत ने 9 पाकिस्तानी मछुआरों, 4 पाकिस्तान नागरिकों और 1 नाबालिग बच्चों को छोड़ दिया है। इन्हें अटारी (वाघा) बार्डर पर पाकिस्तानी अधिकारियों को सौंप दिया गया है। इससे पहले भी इसी साल 28 सितंबर को भारतीय जेल में कैद 2 पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजा था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि भारत ने यहां जेल में बंद पाकिस्तानी कैदियों या पकड़े गये मछुआरों को लेकर मानवतावादी रवैया अपनाता है। इस बात की भी लगातार कोशिश की जाती है कि पाकिस्तानी जेल में बंद भारतीय कैदियों या भारतीय मछुआरों को जल्दी से रिहा कराया जाए। इस साल 370 भारतीय कैदियों को रिहा करवाने में सफलता मिली है जिसमें 363 मछुआरे हैं।
