लंदन में हुई भगौड़े माल्या की गिरफ्तारी, कुछ ही मिनटों में मिली जमानत

नई दिल्ली। किंगफिशर कंपनी के चेयरमैन विजय माल्या को लंदन में गिरफ्तार कर लिया गया है। इन पर लंबे समय से मनी लांड्रिंग का केस चल रहा है। केस दर्ज होते ही ये भारत से फरार हो गए थे। हालांकि इन्हें कुछ ही मिनटों में एक बार फिर जमानत मिल गई है।
ख़बरों के मुताबिक़ माल्या पर ईडी का करीब 9 हजार करोड़ रुपए बकाया है। इससे पहले भारत के भगोड़े कारोबारी विजय माल्या को अप्रैल माह में भी लंदन में गिरफ्तार किया गया था। स्कॉटलैंड यार्ड (लंदन पुलिस) ने माल्या को हिरासत में लिया था। ये गिरफ्तारी वेस्टमिंस्टर कोर्ट के आदेश पर हुई थी।


गिरफ्तारी के बाद उन्हें कोर्ट के सामने पेश किया गया था। माल्या को भारत वापस भेजने की दिशा में ब्रिटेन सरकार का ये पहला कदम था। बैंकों का कर्जा न चुकाने के कारण कोर्ट के आदेश के बाद माल्या का किंगफिशर विला नीलाम कर दिया गया था। इसके बाद से ही लगातार माल्या की मुश्किलें बढ़ती जा रही थीं।
उच्चतम न्यायलय ने माल्या को पासपोर्ट के साथ पेश होने के लिए भी कहा था। लेकिन वो कोर्ट में पेश नहीं हुए। माल्या करीब 2 साल से फरार हैं और ब्रिटेन में रह रहे हैं।
